
भारत न्यूज़ लाइव
देहरादून l उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर का एक बड़ा कारोबारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। कारोबारी की गुमशुदगी से न सिर्फ पुलिस बल्कि निवेशकों में भी हड़कंप मच गया है, क्योंकि बताया जा रहा है कि कारोबारी कई करोड़ रुपए के लेन-देन और निवेश से जुड़ा हुआ था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लापता कारोबारी का नाम सुनील ब्यास है, जो शेयर मार्केट और अन्य निवेश योजनाओं से जुड़ा काम करता है। सुनील ब्यास के अचानक लापता होने की जानकारी उनकी पत्नी ने पुलिस को दी। 27 अगस्त को सुनील की पत्नी ने नेहरू कॉलोनी थाने में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को सुनील बिना किसी को कुछ बताए अचानक घर से गायब हो गया।
शुरुआत में जब पत्नी ने उन्हें फोन किया तो कॉल रिसीव हो रही थी, लेकिन कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार को आशंका हुई कि सुनील के साथ कोई अनहोनी हुई है।
पत्नी द्वारा दी गई तहरीर में यह भी बताया गया है कि सुनील ब्यास ने कई लोगों से करीब 20 से 22 करोड़ रुपए निवेश के नाम पर लिए हुए हैं। इतना ही नहीं, कारोबारी अपने साथ भी कई करोड़ रुपए लेकर गया था। इस वजह से मामला और अधिक गंभीर हो गया है।
गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने कारोबारी के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया। सर्विलांस से मिली जानकारी के मुताबिक, उनकी आखिरी लोकेशन हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब इलाके में पाई गई। इसके बाद पुलिस की एक टीम तुरंत हिमाचल प्रदेश रवाना हुई।
जांच के दौरान पुलिस को सुनील ब्यास की कार और मोबाइल फोन पांवटा साहिब क्षेत्र में लावारिस हालत में मिले। हालांकि कारोबारी का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे मामले में रहस्य और गहराता जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला कई कोणों से जांच के दायरे में है। शुरुआती जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि कारोबारी पर भारी-भरकम कर्ज या निवेशकों का दबाव रहा हो। साथ ही यह भी शक है कि कहीं कारोबारी खुद योजनाबद्ध तरीके से तो गायब नहीं हुआ।
फिलहाल पुलिस कारोबारी की कॉल डिटेल्स और लेन-देन की पूरी जानकारी खंगाल रही है। साथ ही पांवटा साहिब क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और उत्तराखंड पुलिस की टीमें इस मामले को गंभीरता से देख रही हैं।
इस बीच सुनील ब्यास के लापता होने की खबर फैलते ही निवेशकों में हड़कंप मच गया है। जिन लोगों ने उनके जरिए रकम निवेश की थी, वे अब अपने पैसों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कई निवेशक थाने और पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा है कि कारोबारी की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के जिलों और सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही कारोबारी का पता लगा लिया जाएगा।
Read Also : पंचलेश्वर नाथ महादेव मंदिर पर फर्जी साधुओं की नजर, महंत शिवानंद जी को जान से मारने की धमकी




One Comment