उत्तराखंडहरिद्वार

विकास कार्यों में देरी पर सख्त रुख, सीडीओ ने बीडीओ को अक्षम कंप्यूटर ऑपरेटरों को हटाने या प्रशिक्षित करने का आदेश दिया

भारत न्यूज़ लाइव

हरिद्वार l विकास विभाग में कई ऐसे कंप्यूटर ऑपरेटर रखे गए हैं, जिन्हें कंप्यूटर का कार्य कौशल पर्याप्त रूप से नहीं आता है। हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में इस मुद्दे को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आकांक्षा कोंडे ने गंभीरता दिखाई और खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) की जमकर क्लास ली। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिए कि ऐसे कंप्यूटर ऑपरेटरों को या तो कार्यमुक्त करें या उन्हें प्रशिक्षण के लिए भेजें, ताकि विकास कार्यों का डेटा समय पर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे ने यह समीक्षा बैठक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), मनरेगा, पीएम आवास योजना (ग्रामीण), ग्रामोत्थान आदि योजनाओं की प्रगति जानने के लिए बुलाई थी, जिसमें जिले के सभी छह ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान पाया गया कि कई कंप्यूटर ऑपरेटर आउटसोर्सिंग के जरिए नियुक्त किए गए हैं, लेकिन उनमें से कई को लैपटॉप तक चलाना नहीं आता है। इसकी वजह से विकास योजनाओं का डेटा समय पर पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पा रहा है, जिससे परियोजनाओं के लाभार्थियों तक समय पर लाभ नहीं पहुंच रहा।

सीडीओ आकांक्षा कोंडे ने बीडीओ को निर्देशित किया कि ऐसे ऑपरेटरों को प्रशिक्षित करने की व्यवस्था करें या उन्हें हटाकर योग्य कर्मियों को नियुक्त करें, ताकि योजनाओं का कार्य सही समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का गहन समीक्षा करने और मासिक बैठक के माध्यम से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजनाओं की गुणवत्ता और उनके धरातल पर सकारात्मक प्रभाव सुनिश्चित करने के लिए मजबूत निगरानी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया।

बैठक में ग्रामोत्थान परियोजना और एनआरएलएम योजना के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। सीडीओ ने कहा कि सामूहिक और समन्वित प्रयासों से योजनाओं की प्रभावशीलता में वृद्धि होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य समय पर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और उनकी रिपोर्ट भेजी जाए। बैठक में ग्राम्य परियोजना निदेशक केएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *