क्राइमलक्सर

लक्सर में जमीन विवाद पर हिंसक झड़प, तमंचा लहराने का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

नवीन चंद्र कुरील (चीफ एडिटर, भारत न्यूज लाइव)

लक्सर। लक्सर थाना क्षेत्र के गांव केवलपुरी में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। जब विवाद ने उग्र रूप धारण किया, तो एक पक्ष के लोगों ने तमंचा निकालकर लहराना शुरू कर दिया और विरोध करने पर मारपीट की धमकी दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया।

घटना का एक वीडियो सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद लक्सर पुलिस ने गौरव चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। इस विवाद में केवलपुरी गांव के निवासी जोनी, पुत्र धर्मपाल, और गौरव चौहान, पुत्र सोमपाल, के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

शनिवार को यह विवाद हिंसक हो गया, जबकि शुक्रवार की शाम को सामने आए वीडियो में एक पक्ष के लोग तमंचा तानते हुए नजर आए। जोनी ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की, और जब उसने इसका विरोध किया, तो उन लोगों ने उस पर तमंचा तान दिया।

घटना के बाद जोनी ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया, जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने गौरव चौहान को एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गांव में शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी भी गांव में तनाव का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *