
एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
देहरादून l उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) ने अपने संगठन पर्व के तहत सदस्यता अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है। पार्टी ने पहले चरण में 20 लाख से ज्यादा प्राथमिक सदस्य बनाए थे, और अब दूसरे चरण में सक्रिय सदस्यों पर जोर दिया जा रहा है। 5 नवंबर से पार्टी ने जिलों में सक्रिय सदस्यों की सूची सार्वजनिक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो 10 नवंबर तक जारी रहेगी। इस सूची में वे सदस्य शामिल होंगे, जो पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और चुनावों में भाग लेने के योग्य माने जाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी ने पहले चरण में 20 लाख से ज्यादा सदस्य बना कर अपनी प्राथमिक सदस्यता का लक्ष्य पूरा किया है और अब दूसरे चरण में सक्रिय सदस्यों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। सक्रिय सदस्य वही लोग होंगे जो संगठन पर्व के अगले कार्यक्रमों में भाग ले पाएंगे और वे प्रदेश एवं केंद्रीय चुनावों में भी अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
इसके साथ ही भाजपा दिसंबर तक अपने नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया में भी शामिल हो जाएगी, जो पूरी तरह से लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न होगा। पार्टी ने बताया कि आगामी चुनावी प्रक्रिया के तहत उत्तराखंड के 11,000 से अधिक बूथों पर चुनाव टोलियां जाएंगी, और हर बूथ से लेकर मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चुनाव होगा। इस चुनावी प्रक्रिया में पार्टी की सक्रिय सदस्यता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और पार्टी के संगठन को और मजबूत करने का काम करेगी।


