
भारत न्यूज़ लाइव
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पुलिस ने हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दरगाह क्षेत्र में बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे 41 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। साथ ही 547 बाहरी लोगों का मौके पर सत्यापन किया गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में सीओ मंगलौर विवेक कुमार, सीओ लक्सर नताशा सिंह, पीएसी और पुलिस बल की टीम ने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे कलियर में अभियान शुरू किया। पुलिस ने दरगाह क्षेत्र में रह रहे संदिग्ध लोगों की पहचान की, उनकी आईडी जांची और सामान की तलाशी भी ली गई।
होटलों और गेस्ट हाउसों में भी सघन चेकिंग की गई। इस दौरान बिना आईडी के कमरे देने और बिना सत्यापन के कर्मचारियों को रखने के मामलों में 11 होटल मालिकों पर 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि बिना पहचान पत्र के किसी को ठहराया गया, तो केस दर्ज किया जाएगा।
साथ ही, 40 ठेली, फड़ और कबाड़ी संचालकों का भी पुलिस एक्ट में चालान कर 8 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से दरगाह क्षेत्र में रह रहे बाहरी लोगों में हड़कंप मच गया।
हिरासत में लिए गए 41 संदिग्धों को रोशनाबाद पुलिस लाइन ले जाकर गहन पूछताछ की गई। पुलिस ने सभी के नाम, पते और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज किए और सख्त चेतावनी दी कि अगली बार बिना सत्यापन के पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चारधाम यात्रा और हालिया आतंकी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।


