डीएम ने दिलाई नशामुक्ति और आत्मनिर्भर भारत की शपथ, ‘रन फॉर यूनिटी’ और पौधारोपण कार्यक्रम से सरदार पटेल जयंती पर दी श्रद्धांजलि l

जिला ब्यूरो , भारत न्यूज़ लाइव
टिहरी गढ़वाल l भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जनपद टिहरी गढ़वाल में ‘सरदार बल्लमभाई पटेल ’ कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ हर्ष और उत्साह के साथ हुआ। इस अवसर पर डाइजर चौक नई टिहरी से साईं चौक बौराड़ी तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस, अग्निशमन दल, समाजसेवियों, पर्यावरण मित्रों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रन फॉर यूनिटी के उपरांत जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति और आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सीडीओ वरूणा अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंह रावत, एडीएम अवधेश कुमार सिंह, एएसपी जे.आर. जोशी, प्रशिक्षु आईएएस स्नेहल कुंवर, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
बाद में जिला सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां डीएम नितिका खण्डेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसी क्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी और एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए 25 नवंबर तक जिलेभर में विभिन्न जनकल्याणकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती पर भी जनहित से जुड़े अनेक कार्यक्रमों की योजना बनाई जा रही है।
डीएम ने आगे कहा, “अगले 25 वर्षों का विजन सकारात्मक सोच और सहयोग के साथ आगे बढ़ने का है। हमें प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।”
इस मौके पर सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसडीएम संदीप कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, माय भारत जिला युवा अधिकारी आशीष पंत, विनोद रतूड़ी, खेम सिंह चौहान, विजय कठैत, राजेंद्र डोभाल, प्रमोद उनियाल, रामलाल नौटियाल समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे।


