
जिला ब्यूरो , भारत न्यूज़ लाइव
नई टिहरी। चौखाल स्थित चंबा-मसूरी रोड पर आयोजित पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह में बमुण्ड और उदयकोट पट्टी के ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी ने विकास के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में 14 ग्राम प्रधानों और 6 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को मोमेंटो और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै ने कहा कि विकास कार्यों में आपसी सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नए पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अनुभवी सदस्यों से मार्गदर्शन लेकर अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि पंचायतों को पर्याप्त विकास निधि मिलनी चाहिए ताकि गांवों में मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ की जा सकें।

कार्यक्रम के संयोजक देव सिंह पुंडीर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य आपसी परिचय बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास की रणनीति तैयार करना है। इस अवसर पर ज्येष्ठ उपप्रमुख संजय मैठाणी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत और प्रधान विनोद डबराल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में उद्योग व्यापार मंडल चंबा के अध्यक्ष बलवीर सिंह पुंडीर, पूर्व अध्यक्ष संजय बहुगुणा, प्रधान सत्यपाल सिंह गुसांईं, समाजसेवी देवेश्वरानंद डबराल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा रमोला, मनमोहन सिंह नेगी, विजेंद्र प्रसाद थपलियाल, प्रेमदत्त थपलियाल, प्रवीण लेखवार, प्रधान मनीषा खातून, रिजवाना, जितेंद्र सिंह पुंडीर, राजेंद्र सिंह पुंडीर, पूर्व प्रधान बसंती पुंडीर, शिवानंद कोठारी और जयदेव कोठारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Read Also : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए दी राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं


