उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनई टिहरी
Trending

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर टिहरी में विचार गोष्ठी, फेक न्यूज़ रोकथाम और प्रेस की विश्वसनीयता पर मंथन l

विक्रम सिंह कठैत ( एडिटर) ,भारत न्यूज़ लाइव

टिहरी। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर रविवार को जिला सूचना कार्यालय टिहरी गढ़वाल में भारतीय प्रेस परिषद् की निर्धारित थीम “Safeguarding Press Credibility Amidst Rising Misinformation” (बढ़ती गलत सूचना के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की रक्षा) पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन सूचना विभाग के तत्वाधान में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी भजनी भंडारी ने सभी पत्रकारों के स्वागत और राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाओं के साथ की। उन्होंने थीम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए चर्चा को आगे बढ़ाया।

गोष्ठी में विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने बढ़ती भ्रामक सूचनाओं, फेक न्यूज़ और मीडिया पर जनता के भरोसे को मजबूत बनाए रखने के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान न्यू टिहरी प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं सुरकंडा समाचार के संपादक शशि भूषण भट्ट, महामंत्री एवं गढ़ निनाद के संपादक गोविंद पुंडीर, अमर उजाला से गंगा दत्त थपलियाल, हिंदुस्तान से प्रदीप डबराल, बद्री विशाल से गोविंद बिष्ट, नवोदय टाइम्स से मुकेश रतूड़ी, पहाड़ की दहाड़ से तेजराम सेमवाल सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।

पत्रकारों ने कहा कि गलत सूचना का प्रसार आज एक वायरस की तरह तेजी से फैल रहा है। बिना जांचे तथ्यों पर आधारित खबरें समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया और मीडिया संस्थान मिलकर एक स्पष्ट राष्ट्रीय नीति तैयार करें। देश, प्रदेश और जिलों में निगरानी समितियाँ गठित कर फेक न्यूज़ पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

गोष्ठी में पत्रकारों ने पत्रकार हितों से जुड़े कई सुझाव भी रखे, जिनमें सभी पत्रकारों का सत्यापन, सोशल मीडिया/यूट्यूब/पोर्टल आदि के लिए प्रामाणिक लाइसेंस व्यवस्था, मीडिया संस्थानों द्वारा नियुक्ति पत्र अनिवार्य किए जाने, पत्रकारों का पारिश्रमिक बढ़ाए जाने और प्रेस मान्यता व पत्रकार पेंशन नियमावली में शिथिलीकरण शामिल रहा। साथ ही राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पत्रकारों को राज्य आंदोलनकारी का दर्जा दिए जाने तथा सूचना विभाग की विभिन्न समितियों में सभी जनपदों से रोस्टर आधार पर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी भजनी भंडारी ने सभी सुझावों को उच्च स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में सूचना विभाग से धीरज सकलानी, नीलम तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों से जय प्रकाश पांडे, विजय गुसाईं, रजत प्रताप, जोत सिंह बगियाल, धनपाल गुंसोला, विजय दास, सूर्य प्रकाश रमोला, विजय पाल सिंह राणा, ज्योति प्रसाद डोभाल, रोशन थपलियाल, मनमोहन सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद भट्ट सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *