
एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
उत्तराखंड l अल्मोड़ा में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जहां एक बस सल्ट तहसील के मारचूला स्थित कूपी गांव के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, और यह गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड की बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सल्ट संजय कुमार और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से रेस्क्यू किया जा रहा है, और अल्मोड़ा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। बताया गया है कि यह बस यात्रियों को गोलीखाल से रामनगर लौट रही थी, जब सुबह 8:30 बजे कूपी क्षेत्र के पास यह दुर्घटना घटी।
हाल ही में दीपावली का पर्व मनाने के लिए कई प्रवासी अपने पैतृक गांव लौटे थे, जिसके कारण पहाड़ी इलाकों में टैक्सी और बसों में भीड़भाड़ बढ़ गई थी। इससे पहले, 26 अक्टूबर को अल्मोड़ा में एक टेंपो ट्रैवलर भी हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें 17 यात्री घायल हुए थे।


