उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह आयोजित

विक्रम सिंह कठैत ( एडिटर) ,भारत न्यूज़ लाइव
नई टिहरी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आज शनिवार को जनपद मुख्यालय नई टिहरी सहित सभी तहसील मुख्यालयों पर राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह आयोजित किए गए। जनपद मुख्यालय में प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी, नई टिहरी में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् गीत के साथ किया गया। इस अवसर पर जनपद के शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। राज्य आंदोलन में भाग लेने वाले 90 आंदोलनकारियों को स्मृति चिन्ह, फूलमाला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी विक्रम सिंह कठैत को सम्मानित करते हुए टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, जिलाधिकारी टिहरी निकिता खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष उदय रावत व नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, चम्बा नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला, राज्य आंदोलन के जिलाध्यक्ष ज्योति प्रसाद भट्ट एवं महासचिव किशन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग की ओर से लाभार्थी महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान किए गए, जबकि जिला सहकारी बैंक द्वारा दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत नौ लाभार्थियों को एक लाख, डेढ़ लाख और पांच लाख रुपये की राशि के चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। विधायक किशोर उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में शहीद राज्य आंदोलनकारियों को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदान और संघर्षों के कारण आज उत्तराखंड विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने सभी से राज्य के स्वप्नदृष्टाओं के अनुरूप एक समृद्ध, स्वावलंबी और पर्यावरणीय दृष्टि से संतुलित उत्तराखंड बनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी अतिथियों एवं आंदोलनकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके संघर्षों की बदौलत ही आज उत्तराखंड निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जनपद में आयोजित विविध कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।
राज्य आंदोलनकारी संगठन के अध्यक्ष ने आंदोलन के इतिहास और संघर्षों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया, जबकि महासचिव ने आंदोलनकारियों से संबंधित सात सूत्रीय मांग पत्र अधिकारियों को सौंपा।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी टिहरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर एडीएम अवधेश कुमार सिंह, एएसपी जे.आर. जोशी, डीडीओ मो. असलम, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसडीएम संदीप कुमार सहित राज्य आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



