टिहरी बांध प्रभावितों को भूमिधरी देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश l

विक्रम सिंह कठैत ( एडिटर) ,भारत न्यूज़ लाइव
टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में टिहरी बांध परियोजना से प्रभावित काश्तकारों को नई टिहरी में भूमिधरी अधिकार दिए जाने की प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावितों को अपने अधिकारों के लिए एक टेबल से दूसरे टेबल तक भटकना न पड़े, इसके लिए सुव्यवस्थित और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के आवेदन और अभिलेखों की प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध और पारदर्शी बनाया जाए ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने पुनर्वास अधिकारी और तहसीलदार को निर्देशित किया कि मूल आवंटी एवं उत्तराधिकारियों से आवेदन पत्रों के साथ आवश्यक अभिलेख जमा कराने हेतु निर्धारित तिथि और समय की पूर्व सूचना दी जाए। निर्धारित तिथि पर तहसील में अभिलेख प्राप्त कर सभी आवेदनों को पंजिका में दर्ज किया जाए और सत्यापन हेतु पुनर्वास कार्यालय को भेजा जाए।
सत्यापन के उपरांत पुनर्वास कार्यालय से ओके रिपोर्ट प्राप्त होने पर तहसील स्तर पर दाखिल-खारिज की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संबंधित सूची को कलेक्ट्रेट और तहसील के नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक रूप से चस्पा किया जाएगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में पुनर्वास प्रभारी अधिकारी स्नेहल कुंवर (आईएएस प्रशिक्षु), डीजीएम पुनर्वास राकेश थपलियाल, वरिष्ठ प्रबंधक पुनर्वास एस.पी. चमोली सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे l



