
चीफ एडिटर , भारत न्यूज लाइव
रुड़की । थाना मंगलौर क्षेत्र में खनन माफिया का आतंक जारी है। खनन की परमिशन की आड़ में बुक्कनपुर गांव के किसानों की ज़मीन से लगभग 50 फीट मिट्टी उठाने का मामला प्रकाश में आया है। इस अवैध खनन के खिलाफ गांव वासियों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन पर खनन माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाया है। गाधारौना गांव के प्राचीन बालाजी धाम के पास मिट्टी उठाने के लिए प्रशासन से एक परमिशन दी गई थी।
गांव वासियों का कहना है कि जितनी मात्रा में मिट्टी उठाने की अनुमति है, उससे कहीं अधिक मिट्टी खनन माफियाओं द्वारा निकाली जा रही है। दिन में करीब 100 डंपर मिट्टी ले जाते हैं, और रात में भी अवैध खनन जारी रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध खनन की शिकायत पहले भी की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके खेतों के बगल से लगभग 50 फीट मिट्टी उठा ली गई है, जिससे उनके घर बनाने में मुश्किलें आ रही हैं। वहां एक रास्ता भी है जो अब 20-25 फीट ऊंचा हो गया है, जिससे आने-जाने में समस्या हो रही है। इसके अलावा, खनन स्थल के पास कब्रिस्तान भी है, लेकिन माफिया वहां तक मिट्टी उठाने से नहीं हिचक रहे। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन में शिकायत करने पर उल्टा उन्हें धमकाया जाता है और माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।


