NHM कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: 5000 कर्मियों का बढ़ा वेतन, 15% तक का इजाफा

भारत न्यूज़ लाइव
देहरादून: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत काम कर रहे 5000 कर्मचारियों के लिए यह दीपावली बेहद खास बन गई है। एनएचएम निदेशालय ने उनकी लंबे समय से लंबित वेतन वृद्धि की मांग को पूरा करते हुए गुरुवार को वेतन बढ़ोतरी के आदेश जारी कर दिए। विभिन्न श्रेणियों के तहत कर्मियों के वेतन में क्रमशः 7%, 11%, और 15% तक का इजाफा किया गया है।
इस आदेश के अनुसार, जिन कर्मचारियों का वेतन 25,000 रुपये था, उन्हें 7% बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। वहीं, 20,000 रुपये वेतन वालों को 11% और 15,000 रुपये वेतन पाने वाले कर्मियों के लिए 15% तक की वृद्धि की गई है। एनएचएम की सहायक निदेशक डॉ. अर्चना ओझा ने इस संबंध में सभी जिलों के सीएमओ और जिला स्वास्थ्य समिति के सदस्य सचिवों को निर्देश भेज दिए हैं।
एनएचएम संविदा कर्मचारी संगठन ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया है। वेतन वृद्धि से कर्मचारियों में उत्साह है, और इसे उनकी मेहनत और संघर्ष का परिणाम माना जा रहा है।



