
एडिटर , भारत न्यूज़ लाइव
उत्तराखंड l प्रदेश में दिसंबर माह में नगर निकाय चुनाव संभावित हैं। इसे ध्यान में रखते हुए शहरी विकास विभाग और राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस सप्ताह ओबीसी आरक्षण से संबंधित अध्यादेश को राजभवन से मंजूरी मिलने की संभावना है।
नगर निकाय चुनावों की प्रक्रिया में कुछ अहम चरण अभी शेष हैं। इनमें सबसे पहले ओबीसी आरक्षण लागू करने के लिए प्रस्तावित अध्यादेश का फैसला शामिल है। शासन ने यह अध्यादेश राजभवन को भेज दिया है, और इस पर जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
अध्यादेश को स्वीकृति मिलने के बाद, ओबीसी आरक्षण की नियमावली पर निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री की मंजूरी आवश्यक होगी। इन प्रक्रियाओं के पूरा होते ही चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।


