
विक्रम सिंह कठैत , एडिटर भारतं न्यूज़ लाइव
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 10,709 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए कुल ₹18.49 करोड़ की सहायता राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। बोर्ड द्वारा मुख्य रूप से शिक्षा सहायता के लिए 8,083, पुत्री विवाह सहायता के लिए 2,354, मृत्युपरांत सहायता के लिए 177 और प्रसूति एवं प्रसविधा सहायता के लिए 95 लाभार्थियों को यह वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक समयबद्ध रूप से लाभान्वित हो सकें। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि स्वास्थ्य जांच के दौरान बीमारी की पहचान होने पर श्रमिकों का समुचित उपचार कराया जाए और राज्य के दूर-दराज के क्षेत्रों में रह रहे पात्र श्रमिकों तक भी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचे।
श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे समेकित कल्याण मॉडल और स्वास्थ्य योजनाओं के तहत अब तक शानदार कार्य किए गए हैं। इसके अंतर्गत अब तक कुल 83,319 किट वितरित की जा चुकी हैं, जिनमें 33,429 शिक्षण सामग्री किट, 26,674 स्वच्छता सामग्री किट और 23,216 पोषाहार किट शामिल हैं। वहीं, श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत 20,527 स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और 2,32,281 से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण किए जा चुके हैं, जिससे निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा मिल रही है।



